बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने अपने पति और भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली के जन्मदिन पर एक खास पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर विराट की एक दिल छू लेने वाली तस्वीर साझा की, जिसमें विराट अपने दोनों बच्चों, बेटे अकाय और बेटी वामिका को गोद में लिए नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ अनुष्का ने दिल और बुरी नज़र से बचाने वाली इमोजी शेयर की है।
तस्वीर लंदन की है, जहां विराट और अनुष्का अक्सर अपने पारिवारिक पलों को एंजॉय करते हैं। फोटो में विराट बेबी कैरियर में अपने बेटे अकाय को संभाल रहे हैं, जबकि वामिका उनके बाएं हाथ पर झूलती हुई दिखाई दे रही हैं। पोस्ट पर फैंस ने तेजी से प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा, इसका इंतजार था, वहीं दूसरे ने कहा, राजा, राजकुमार और राजकुमारी।
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा बॉलीवुड और क्रिकेट की दुनिया के सबसे पसंदीदा और चर्चित जोड़ों में से एक हैं। दोनों ने दिसंबर 2017 में इटली में एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी की थी। विरुष्का के नाम से मशहूर यह कपल अपने परिवार और प्रोफेशनल लाइफ को बैलेंस करते हुए फैन्स के साथ अपने खास पलों की झलक साझा करता है। 2021 में बेटी वामिका के जन्म के बाद, इस साल उनके बेटे अकाय का जन्म हुआ। दोनों ने अपने बच्चों का चेहरा अब तक दुनिया के सामने नहीं दिखाया है, जिससे उनके फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली का करियर 15 वर्षों से अधिक का है और वह आज भी क्रिकेट की दुनिया में अपनी मजबूत स्थिति बनाए हुए हैं। अपने आक्रामक अंदाज, फिटनेस, लगन और कई बड़े रनों के साथ उन्होंने खुद को आधुनिक क्रिकेट का प्रतीक बना लिया है।
2008 में अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत के बाद से अब तक, विराट ने टेस्ट क्रिकेट में 118 मैचों में 47.83 की औसत से 9,040 रन बनाए हैं, जिसमें 29 शतक और 31 अर्द्धशतक शामिल हैं। उन्होंने भारत को कई ऐतिहासिक जीत दिलाई है और उनके आंकड़े क्रिकेट प्रेमियों के लिए विश्लेषण और प्रशंसा का विषय बने हुए हैं।
विराट के जन्मदिन के इस खास मौके पर अनुष्का की पोस्ट और इस तस्वीर ने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है, जिससे यह जोड़ी और उनके बच्चों के लिए प्रशंसकों का प्यार एक बार फिर सामने आ गया है।
अनुष्का शर्मा ने विराट कोहली को दी जन्मदिन की खास शुभकामनाएं, शेयर की परिवार की प्यारी तस्वीर –
Anushka sharma gave a special birthday wish to virat kohli, shared a cute picture of the family