दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तरल पदार्थ फेंकने की घटना ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस घटना की कड़ी निंदा की और इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए। उन्हें अपने वादों पर ध्यान देना चाहिए।
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने आम आदमी पार्टी द्वारा लगाए गए उस आरोप को खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि हमला करने वाला व्यक्ति भाजपा कार्यकर्ता था। तिवारी ने कहा, भाजपा ऐसी घटिया हरकतों में शामिल नहीं होती। मुझे लगता है कि केजरीवाल खुद ऐसी साजिशें रचते हैं। वह दिल्ली की नजरों में गिर गए हैं। कोई सड़क पर अपना गुस्सा जाहिर कर सकता है, लेकिन भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है।
तिवारी ने जनता से अपील करते हुए कहा, अगर आप अरविंद केजरीवाल जैसे व्यक्ति को दंडित करना चाहते हैं, तो मतदान के जरिए करें। यह लोग सहानुभूति पाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। हमें सतर्क रहना चाहिए। जांच होनी चाहिए कि क्या केजरीवाल ने खुद यह साजिश रची है।
दिल्ली पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी अशोक झा को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि केजरीवाल लोगों से हाथ मिला रहे थे, तभी बस मार्शल अशोक झा ने उन पर पानी फेंकने की कोशिश की। मौके पर ही उसे पकड़ लिया गया और उससे पूछताछ जारी है।
घटना के बाद अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, अमित शाह जी, मुझे रोकने से क्या होगा? क्या इससे दिल्ली में अपराध रुकेगा? क्या महिलाएं और व्यापारी सुरक्षित हो जाएंगे?
दिल्ली की मंत्री आतिशी ने आरोप लगाया कि हमलावर भाजपा का कार्यकर्ता था। उन्होंने कहा, दिनदहाड़े भाजपा कार्यकर्ता ने केजरीवाल जी पर हमला किया। भाजपा तीसरी बार चुनाव हारने से डरी हुई है। दिल्ली की जनता इस तरह की चालों को बर्दाश्त नहीं करेगी। पिछली बार भाजपा ने आठ सीटें जीती थीं, इस बार एक भी सीट नहीं मिलेगी।
हरियाणा के सीएम ने केजरीवाल पर हमले को बताया दुर्भाग्यपूर्ण, कहा ऐसी घटनाएं अस्वीकार्य –
Haryana CM calls attack on kejriwal unfortunate, says such incidents are unacceptable