भारत के 14 वर्षीय युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ अंडर-19 यूथ वनडे सीरीज़ में अपने धमाकेदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है। उन्होंने सीरीज़ में 174 की स्ट्राइक रेट से 355 रन, 27 छक्के, और एक शानदार शतक जड़कर न सिर्फ भारतीय क्रिकेट को गौरवान्वित किया, बल्कि इंग्लिश फैंस और मीडिया को भी अपना दीवाना बना लिया।
वैभव पहले ही आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से अपनी बल्लेबाज़ी से सुर्खियाँ बटोर चुके हैं, लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय यूथ क्रिकेट में भी उन्होंने अपने प्रदर्शन से तहलका मचा दिया है।
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के क्रिकेट विश्लेषक और प्रसिद्ध सांख्यिकीविद् डैनियल पीकॉक ने वैभव के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया जब मैंने उन्हें पहली बार नॉर्थम्पटनशायर में खेलते देखा, तो माहौल कुछ अलग ही था मीडिया, तस्वीरें, और यहां तक कि BBC भी उन्हें देखने पहुंचा। उन्होंने 31 गेंदों पर 86 रन मारे , जिसमें 6 चौके और 9 छक्के शामिल थे। ये नज़ारा किसी इंटरनेशनल मैच से कम नहीं लगा।
पीकॉक ने आगे बताया कि वॉर्सेस्टरशायर के न्यू रोड मैदान पर वैभव ने 78 गेंदों पर 143 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने कहा जैसे ही वैभव डीप में कैच आउट होकर पवेलियन लौटे, स्टेडियम में मौजूद हर किसी को एहसास हो गया था कि उन्होंने कुछ असाधारण देखा है। वह सिर्फ एक मैच विनर नहीं, बल्कि भविष्य का सुपरस्टार है।
डैनियल पीकॉक ने कहा कि ब्रिटिश-भारतीय समुदाय के लोग वैभव को पहली बार खेलते देखने के लिए दूर-दूर से आ रहे हैं। वैभव की तुलना अब सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे दिग्गजों से की जा रही है।
यहां लोग अब वैभव का नाम जानते हैं भले ही वे उसे ठीक से बोल नहीं पाते। BBC, द एथलेटिक, और गेटी इमेजेज़ जैसे मीडिया संस्थानों का अतिरिक्त ध्यान साफ दिखता है। वह जल्द ही टेस्ट और इंटरनेशनल लेवल पर खेलते नजर आएंगे, इसमें कोई शक नहीं।
पीकॉक ने अंत में कहा कि मैंने जितने भी 14 वर्षीय खिलाड़ी अब तक देखे हैं, वैभव सबसे बेहतरीन है। इंग्लैंड में क्रिकेट जानने वाले हर शख्स को लग रहा है कि वे एक बेहद खास प्रतिभा को खेलते हुए देख रहे हैं। उम्मीदें अब तेंदुलकर-कोहली स्तर की नहीं, बल्कि शायद उससे भी ऊपर की हैं।
वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 सीरीज़ में चमके, इंग्लैंड में भी बने प्रशंसक, कोहली-तेंदुलकर से तुलना –
Vaibhav suryavanshi shines in U-19 series, becomes a fan in england too, comparison with kohli-tendulkar
