शहडोल जिले के पतखई घाट पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया जब रायपुर से मैहर जा रही कांवड़ियों से भरी बस अचानक ब्रेक फेल हो जाने के कारण खाई में गिरने की कगार पर पहुंच गई। लेकिन मौके पर मौजूद एक ट्रक चालक की साहसिक सूझबूझ ने बस को रोक दिया और 50 से ज्यादा महिलाओं और बच्चों की जान बच गई।
घटना सिंहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पतखई घाट पर हुई। थाना प्रभारी मुन्ना लाल राहंगडाले के अनुसार, बस जैसे ही घाट से नीचे उतर रही थी, तभी उसके ब्रेक अचानक फेल हो गए। स्थिति गंभीर हो चली थी, लेकिन बस चालक ने तुरंत सामने चल रहे ट्रक चालक को इशारे और आवाज से चेतावनी दी।
ट्रक चालक ने बिना देर किए अपना वाहन बस के सामने अड़ा दिया, जिससे बस की रफ्तार थम गई और एक बड़ा हादसा टल गया। बस की गति इतनी अधिक थी कि उसका अगला शीशा टूट गया, लेकिन कोई यात्री घायल नहीं हुआ।
बस में सवार सभी श्रद्धालु रायपुर से मैहर बाबा के दर्शन के लिए जा रहे थे। यात्रियों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल थे। हादसे के दौरान अफरा-तफरी मच गई थी, लेकिन सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और सभी श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। यात्रियों को सुरक्षित थाने लाया गया, जहां उनके लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था की गई। जब तक दूसरी बस नहीं पहुंची, पुलिस ने सभी कांवड़ियों को पूर्ण सुरक्षा प्रदान की।
इस साहसिक कार्य के लिए ट्रक चालक की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा की जा रही है। श्रद्धालुओं ने ट्रक चालक को धन्यवाद देते हुए कहा अगर उन्होंने समय पर समझदारी नहीं दिखाई होती, तो आज हमारा पूरा समूह संकट में पड़ जाता। पुलिस और प्रशासन ने भी ट्रक चालक के इस जिम्मेदाराना और मानवीय व्यवहार की सराहना की है।
पतखई घाट में बड़ा हादसा टला, ब्रेक फेल होने के बावजूद ट्रक चालक की सूझबूझ से बचीं 50 से ज्यादा जानें –
A major accident was averted at patkhai ghat, despite brake failure, more than 50 lives were saved due to the presence of mind of the truck driver