राजकुमार – भारतीय घरेलू क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज सरफराज खान ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए बुची बाबू ट्रॉफी 2025 में चयनकर्ताओं को अपनी ओर ध्यान दिलाया है। इंग्लैंड के खिलाफ हालिया टेस्ट सीरीज़ में नजरअंदाज किए गए सरफराज ने टीएनसीए इलेवन के खिलाफ खेलते हुए महज 92 गेंदों में दमदार शतक जड़ा।
मुंबई की ओर से खेलते हुए सरफराज ने तब मोर्चा संभाला जब टीम 98/3 के स्कोर पर संघर्ष कर रही थी। ऐसे कठिन समय में उन्होंने न सिर्फ पारी को संभाला बल्कि आक्रामक बल्लेबाजी से विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव भी बनाया। यह शतक चयनकर्ताओं को एक मजबूत संदेश माना जा रहा है, खासतौर पर वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज़ 2025 के लिए।
सरफराज खान हाल के दिनों में अपने फिटनेस ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर काफी चर्चा में रहे हैं। उनकी मेहनत और समर्पण ने उन्हें फिर से भारतीय टीम में जगह बनाने की रेस में ला खड़ा किया है। फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञ दोनों मानते हैं कि सरफराज को जल्द ही भारत की टेस्ट टीम में एक और मौका मिलना चाहिए।
कांगा लीग 2025 में भी सरफराज ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखा। इस्लाम जिमखाना के खिलाफ पार्कोफोन क्रिकेटर्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने सिर्फ 42 गेंदों में 61 रन बनाए। कांगा लीग मुंबई के मानसून सीज़न में खेला जाने वाला एक कठिन टूर्नामेंट माना जाता है, जहां पिच और आउटफील्ड की स्थितियां बल्लेबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण होती हैं।
सरफराज ने कांगा लीग को लेकर एक प्रेरणादायक संदेश भी दिया। उन्होंने कहा मैं इस कांगा लीग मैच को लेकर इतना उत्साहित था कि रिपोर्टिंग का समय सुबह 8:30 बजे था, लेकिन मैं सुबह 8 बजे ही पहुँच गया। प्रदर्शन से ज़्यादा मुझे मैदान पर समय बिताने की खुशी थी।
उन्होंने आगे बताया कि बचपन में मैंने अपने पिता और कोच नौशाद खान से सुना था कि कैसे सुनील गावस्कर सर इंग्लैंड से लौटने के बाद सीधे कांगा लीग मैच देखने पहुंचे थे। इसलिए हम भाई (मुशीर और मैं) इस टूर्नामेंट में खेलने पर गर्व महसूस करते हैं।
सरफराज खान ने बुच्ची बाबू ट्रॉफी में जड़ा शतक, टीम इंडिया में चयन को लेकर दिया बड़ा संदेश –
Sarfaraz khan scored a century in the buchi babu trophy, gave a big message regarding selection in team india