संदीप – भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के हंसलपुर में स्थित सुजुकी मोटर प्लांट में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान मारुति सुजुकी की पहली इलेक्ट्रिक कार E-Vitara (ई-विटारा) के प्रोडक्शन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। यह भारत के ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, क्योंकि यह मेड-इन-इंडिया इलेक्ट्रिक SUV न केवल घरेलू बाजार के लिए बल्कि 100 से अधिक देशों में एक्सपोर्ट के लिए भी तैयार की जा रही है।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और भारत में जापान के राजदूत केइची ओनो भी उपस्थित थे। ई-विटारा की पहली यूनिट को ब्रिटेन (UK) भेजा जाएगा। गौरतलब है कि यह कार पहले ही यूरोपीय बाजार में लॉन्च हो चुकी है और भारत में इसे भारत मोबिलिटी शो 2025 के दौरान प्रदर्शित किया गया था।
मारुति सुजुकी की E-Vitara, टोयोटा के साथ मिलकर विकसित किए गए 40PL इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर आधारित है। टोयोटा भी इसी प्लेटफॉर्म पर अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV Urban Cruiser EV तैयार कर रही है।
ई-विटारा में दो बैटरी विकल्प दिए जाएंगे 49kWh बैटरी पैक और 61kWh बैटरी पैक (बड़े बैटरी पैक के साथ मिलेगा डुअल-मोटर ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम, जिसे AllGrip-E कहा गया है)
इस इलेक्ट्रिक SUV की कीमत लगभग ₹20 लाख (एक्स-शोरूम) से शुरू होने की उम्मीद है। भारत में इसका सीधा मुकाबला महिंद्रा BE6, हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक और MG ZS EV जैसी कारों से होगा।
प्रधानमंत्री मोदी आने वाले सप्ताह में TDSG (टीडीएस ली-आयन बैटरी गुजरात) प्लांट का भी उद्घाटन करेंगे। यह प्लांट तोशिबा, डेंसो और सुजुकी के सहयोग से तैयार किया गया है, जिसमें इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहनों के लिए बैटरी सेल और इलेक्ट्रोड का निर्माण किया जाएगा। इस संयंत्र के शुरू होने से भारत की ईवी मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी को मजबूती मिलेगी और देश को वैश्विक इलेक्ट्रिक वाहन हब बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में बनी पहली मारुति सुजुकी ई-विटारा को हरी झंडी दिखाई –
PM modi flags off the first maruti suzuki e-vitara made in india