राजकुमार – एशिया कप 2025 की शुरुआत यूएई में कुछ ही दिनों में होने वाली है और भारतीय टीम इस बार सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खिताब बचाने उतरेगी। लेकिन बीसीसीआई द्वारा घोषित 15 सदस्यीय टीम को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। खासकर श्रेयस अय्यर और यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाड़ियों की अनदेखी ने फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञों के बीच नाराजगी पैदा कर दी है।
हालांकि, इस बहस ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब विदेशी पूर्व क्रिकेटरों ने भी भारतीय टीम चयन पर अपनी राय देनी शुरू कर दी। इसी पर भारत के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
स्पोर्टस्टार में लिखे अपने कॉलम में गावस्कर ने कहा हैरानी की बात यह है कि विदेशी खिलाड़ी, जिनका भारतीय क्रिकेट में कोई योगदान नहीं है और जिन्हें इसकी गहराई की समझ भी नहीं है, वे इस चयन बहस में कूद पड़े हैं। वे चाहे जितने भी महान खिलाड़ी क्यों न रहे हों, लेकिन भारतीय टीम का चयन उनका काम नहीं है। उन्हें अपने देश की क्रिकेट पर ध्यान देना चाहिए और हमें हमारे क्रिकेट की चिंता खुद करने देनी चाहिए, गावस्कर ने दो टूक कहा।
गावस्कर का मानना है कि कई विदेशी पूर्व क्रिकेटर केवल सोशल मीडिया फॉलोअर्स और वायरलिटी बढ़ाने के लिए जानबूझकर भारतीय क्रिकेट से जुड़े विवादित मुद्दों पर टिप्पणी करते हैं।
आजकल व्यूज़ और फॉलोअर्स की दौड़ में सबसे आसान तरीका है भारतीय क्रिकेट मामलों पर, खासकर नकारात्मक टिप्पणी करना। इससे भारतीय फैंस भड़कते हैं और उनकी प्रतिक्रियाओं से इन क्रिकेटरों के फॉलोअर्स बढ़ते हैं। अगर आपकी चमड़ी मोटी है, तो आपको ट्रोलिंग से फर्क नहीं पड़ता और आप इस सबका लाभ उठा सकते हैं, गावस्कर ने लिखा।
गावस्कर ने भारतीय मीडिया को भी इस स्थिति के लिए आड़े हाथों लिया और कहा कि वे ही विदेशी पूर्व खिलाड़ियों के पास जाकर उनसे भारतीय क्रिकेट पर राय पूछते हैं।
विदेशी दौरों पर हम देखते हैं कि भारतीय पत्रकार ऐसे पूर्व क्रिकेटरों का इंटरव्यू लेने भागते हैं, जिन्हें उनका अपना देश तक याद नहीं करता। ऐसा लगता है जैसे भारतीय क्रिकेट की वैधता विदेशी खिलाड़ियों की टिप्पणियों से ही तय होती है।
बीसीसीआई द्वारा घोषित टीम में श्रेयस अय्यर और यशस्वी जायसवाल की गैरमौजूदगी ने चयन नीति पर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया पर कई प्रशंसकों और विशेषज्ञों ने इन दोनों खिलाड़ियों को बाहर किए जाने पर निराशा जताई। वहीं कुछ विदेशी क्रिकेटरों की टिप्पणियों ने इस बहस को और गरमा दिया है।
टीम चयन पर विवादों के बीच सुनील गावस्कर का बड़ा बयान- विदेशी खिलाड़ियों को भारतीय क्रिकेट में दखल नहीं देना चाहिए –
Sunil gavaskar big statement amid controversies over team selection – Foreign players should not interfere in indian cricket