जालंधर, राजकुमार – जालंधर सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में रविवार देर रात एक तकनीकी खराबी के चलते ऑक्सीजन आपूर्ति प्रणाली में दबाव में गिरावट आने से तीन मरीजों की मौत हो गई। अस्पताल अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक मृतकों में एक 22 वर्षीय महिला शामिल थी, जिसका इलाज सर्पदंश के घाव के लिए किया जा रहा था। दूसरा मरीज क्षय रोग (टीबी) से पीड़ित था, जबकि तीसरा नशीली दवाओं के ओवरडोज़ के कारण भर्ती कराया गया था।
ट्रॉमा सेंटर के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय आनंद ने मीडिया को बताया, ऑक्सीजन सप्लाई लाइन में तकनीकी खराबी के कारण अचानक प्रेशर कम हो गया। तीनों मरीज पहले से ही गंभीर स्थिति में थे। हालांकि यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि मौतें सीधे तौर पर ऑक्सीजन की कमी से हुईं, लेकिन यह जरूर सच है कि ऑक्सीजन प्रेशर कम होने के कुछ ही समय बाद उनकी मृत्यु हो गई।
अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऑक्सीजन आपूर्ति लाइन में तेल के रिसाव के कारण दबाव में कमी आई थी, जिससे सिस्टम में खराबी आई। घटना के तुरंत बाद आपातकालीन तकनीकी टीम को बुलाया गया और ऑक्सीजन प्रेशर को बहाल करने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक तीनों मरीजों की मौत हो चुकी थी।
फिलहाल अस्पताल प्रबंधन ने इस गंभीर घटना की गहन जांच शुरू कर दी है और तकनीकी विफलता के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
जालंधर सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में ऑक्सीजन प्रेशर गिरने से 3 मरीजों की मौत –
3 patients died due to drop in oxygen pressure in jalandhar civil hospital trauma center
