भारतीय क्रिकेटर और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज यश दयाल पर एक नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार और भावनात्मक शोषण के गंभीर आरोप लगे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, जयपुर के सांगानेर पुलिस स्टेशन में दयाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
एफआईआर के मुताबिक, यश दयाल ने पीड़िता को क्रिकेट करियर में मदद का झांसा देकर सीतापुरा के एक होटल में बुलाया, जहां कथित रूप से पहली बार यौन शोषण किया गया। उस समय पीड़िता की उम्र केवल 17 वर्ष थी। इसके आधार पर पुलिस ने POCSO (Protection of Children from Sexual Offences) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
इससे पहले भी यश दयाल पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। इस मामले में 6 जुलाई को गाजियाबाद के इंदिरापुरम पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज हुई थी। एफआईआर भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत दर्ज की गई है, जिसमें छलपूर्वक संबंध बनाना अपराध है।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय की जस्टिस सिद्धार्थ वर्मा और जस्टिस अनिल कुमार की पीठ ने दयाल की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है। अदालत ने राज्य सरकार से जवाबी हलफनामा और शिकायतकर्ता को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
दयाल की ओर से पेश वकील ने अदालत में दलील दी कि धारा 69 तभी लागू होती है जब यह साबित हो कि शादी का वादा झूठा था और आरोपी का इरादा शुरू से ही शादी करने का नहीं था।
दोनों की पहली मुलाकात करीब पांच साल पहले हुई थी। यश दयाल ने महिला से शादी का वादा किया, लेकिन बाद में टालमटोल करने लगे। महिला ने दावा किया कि यश के कई अन्य महिलाओं के साथ संबंध थे। शिकायत सबसे पहले 21 जून को मुख्यमंत्री के ऑनलाइन शिकायत पोर्टल (IGRS) पर दर्ज की गई थी।
क्रिकेटर यश दयाल के खिलाफ एक और यौन उत्पीड़न का मामला, आरसीबी खिलाड़ियों की मुश्किलें बढ़ीं –
Another sexual harassment case against cricketer yash dayal, RCB players troubles increase
