भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे तीसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन एक विवादास्पद घटना के बाद भारतीय तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज को ICC आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। इसके चलते सिराज पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और साथ ही उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।
यह घटना चौथे दिन तब हुई जब सिराज ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए इंग्लैंड के ओपनर बेन डकेट को आउट किया। आउट करने के बाद सिराज ने अपने फॉलो-थ्रू में बल्लेबाज के पास जाकर आक्रामक तरीके से जश्न मनाया। जब डकेट पवेलियन लौटने लगे तो उनके और सिराज के बीच हल्का शारीरिक संपर्क भी हुआ।
इस व्यवहार को ICC आचार संहिता की धारा 2.5 का उल्लंघन माना गया, जो बल्लेबाज़ को आउट करने के बाद उसकी प्रतिक्रिया को भड़काने या अपमान करने से संबंधित है।
आईसीसी ने एक बयान में कहा लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के दौरान आचार संहिता उल्लंघन के कारण मोहम्मद सिराज पर उनकी मैच फीस का 15% जुर्माना लगाया गया है। साथ ही, उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट जोड़ा गया है।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलेस्टेयर कुक ने घटना को लेकर बीबीसी टेस्ट मैच स्पेशल पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा मैं पूरे दिल से कहता हूँ कि यह गलत था। सिराज को बल्लेबाज के मुँह पर जाकर इस तरह चिल्लाने की कोई ज़रूरत नहीं थी। जश्न ज़रूर मनाओ, लेकिन शारीरिक संपर्क नहीं होना चाहिए।
यह सिराज का 24 महीनों के भीतर दूसरा उल्लंघन है, जिससे उनके डिमेरिट अंकों की कुल संख्या दो हो गई है। यदि यह संख्या चार या अधिक हो जाती है, तो ये अंक निलंबन अंकों में बदल दिए जाते हैं, जिससे खिलाड़ी को अगला अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने से रोका जा सकता है।
यह घटना लॉर्ड्स टेस्ट के उन कई तीखे क्षणों में से एक है जिसने मुकाबले को और भी रोमांचक बना दिया है। पाँचवें दिन का खेल निर्णायक हो सकता है, और दोनों टीमों के बीच तनाव अब खुलकर सामने आ रहा है।
Ind vs Eng test – ICC ने मोहम्मद सिराज पर लगाया जुर्माना, डिमेरिट अंक भी जोड़ा, जानें पूरा मामला –
Ind vs Eng test – ICC imposed fine on mohammed siraj, also added demerit point, know the whole matter