राजधानी दिल्ली में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। लाजपत नगर में मां-बेटे की हत्या की गुत्थी अभी सुलझ ही रही थी कि अब सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र से एक और डबल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस बार एक 22 वर्षीय महिला और एक 6 साल की बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, घटना सिविल लाइंस इलाके की है, जहां मृतक महिला की पहचान सोनल (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं मृत बच्ची का नाम यशिका बताया गया है, जो सोनल की सहेली की बेटी थी।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सोनल अपने बॉयफ्रेंड के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। वारदात के बाद से उसका बॉयफ्रेंड फरार है, जिसके चलते हत्या का शक उसी पर गहराता जा रहा है।
फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए हैं और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में टीमें गठित की गई हैं और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।
इससे पहले 3 जुलाई को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के लाजपत नगर में भी दोहरे हत्याकांड की खबर ने दिल्लीवासियों को झकझोर दिया था। यहां एक 42 वर्षीय महिला और उसके किशोर बेटे के शव उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले थे।
पुलिस ने बताया कि घटना में घरेलू सहायक (डोमेस्टिक हेल्प) की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है, जो वारदात के बाद से गायब है।
घटना की जानकारी तब मिली, जब परिजनों ने संपर्क न होने पर पुलिस को सूचना दी। बुधवार देर रात पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया, जहां महिला का शव बेडरूम में और बेटे का शव बाथरूम में मिला।
पुलिस का कहना है कि सिविल लाइन्स केस में आरोपी की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। वहीं लाजपत नगर मर्डर केस में भी पुलिस ने सुराग जुटा लिए हैं और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
दिल्ली के सिविल लाइंस में 22 वर्षीय महिला और 6 साल की बच्ची की हत्या, आरोपी फरार –
22-year-old woman and 6-year-old girl murdered in delhi civil lines, accused absconding