मैनचेस्टर टेस्ट 2025 के अंतिम दिन एक अजीब विवाद तब खड़ा हुआ जब इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने भारतीय बल्लेबाजों रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर से मैच ड्रॉ मानकर हाथ मिलाने का प्रस्ताव रखा, जिसे भारतीय खिलाड़ियों ने ठुकरा दिया। स्टोक्स चाहते थे कि जब नतीजा निकलना असंभव है, तो खेल समाप्त कर दिया जाए। लेकिन जब भारतीय बल्लेबाज अपने-अपने शतक के करीब थे, उन्होंने खेलने का निर्णय लिया।
स्टोक्स ने इसके बाद गेंद हैरी ब्रुक को थमा दी, जो पेशेवर गेंदबाज नहीं हैं और जिन्हें आमतौर पर पार्ट-टाइमर भी नहीं माना जाता। इस फैसले ने क्रिकेट हलकों में विवाद खड़ा कर दिया और सोशल मीडिया पर स्टोक्स की आलोचना भी हुई।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बेन स्टोक्स ने अपने निर्णय का बचाव करते हुए कहा कि जब नतीजा तय हो चुका था, तो वह अपने मुख्य गेंदबाजों को जोखिम में डालना नहीं चाहते थे।
स्टोक्स ने कहा, हमने मैच को उस हद तक खींचा जहाँ तक जीत की संभावना बनी रही। लेकिन जैसे ही ड्रॉ तय हो गया, मैं अपने मुख्य गेंदबाज़ों को और अधिक थकाना नहीं चाहता था। सीरीज़ का आखिरी मैच भी नज़दीक है, इसलिए मैं उन्हें बचाना चाहता था।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि, हमें पता था कि हाथ मिलाना सिर्फ औपचारिकता है, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने खेल जारी रखने का फैसला किया।
हालांकि स्टोक्स ने मैदान पर जडेजा और सुंदर के शतक की सराहना नहीं की, लेकिन प्रेस वार्ता में उनकी बल्लेबाज़ी की जमकर तारीफ की।
उन्होंने कहा, भारत ने जिस स्थिति से निकलकर यह साझेदारी बनाई, वह काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने अविश्वसनीय रूप से अच्छा खेला और अपनी टीम को मुश्किल से बाहर निकाला।
टीम इंडिया के हेड कोच गंभीर ने इस विवाद पर अलग राय रखी। उन्होंने कहा कि जब मैच पहले से ड्रॉ की ओर बढ़ रहा था, तब भी रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर अपने शतक के हकदार थे। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षणों में खिलाड़ी का आत्मविश्वास बढ़ता है और टीम का मनोबल भी।
अब सीरीज़ 1-2 के स्कोर पर पहुँच चुकी है। केनिंग्टन ओवल में होने वाला पाँचवां और अंतिम टेस्ट मैच निर्णायक होगा। यदि भारत को यह सीरीज़ ड्रॉ करनी है, तो अगला मैच जीतना अनिवार्य होगा।
IND vs ENG 4th Test: हाथ मिलाने के विवाद में फंसे इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स, रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने ठुकराया प्रस्ताव –
IND vs ENG 4th test: England captain ben stokes caught in a controversy over shaking hands, Ravindra jadeja and washington sundar rejected the offer