केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके कार्यालय में मुलाकात की। यह अहम मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अचानक पद से इस्तीफा दे दिया है। इस बीच, लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के विरोध के कारण संसद की कार्यवाही लगातार बाधित हो रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 23 जुलाई 2025 अपनी चौथी ब्रिटेन यात्रा के लिए रवाना हो रहे हैं। यह यात्रा 23 से 24 जुलाई तक चलेगी और इसका उद्देश्य भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देना है। इस दौरान वह ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से मुलाकात करेंगे और कई आर्थिक, रणनीतिक और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने जानकारी दी कि पीएम मोदी ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय से भी भेंट करेंगे। इसके अलावा, भारत और ब्रिटेन के व्यापारिक नेताओं के साथ बैठकें भी होंगी, जहां व्यापार, तकनीक, जलवायु परिवर्तन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी।
यह प्रधानमंत्री मोदी की ब्रिटेन की चौथी यात्रा होगी और इसमें खालिस्तानी चरमपंथियों की गतिविधियों पर भी बातचीत किए जाने की संभावना है।
ब्रिटेन दौरे के बाद पीएम मोदी 25-26 जुलाई, 2025 को मालदीव की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। वह यह दौरा मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मोइजु के आमंत्रण पर कर रहे हैं। मालदीव में राष्ट्रपति मोइजु के सत्ता संभालने के बाद यह पहली बार होगा जब कोई विदेशी राष्ट्राध्यक्ष मालदीव का दौरा करेगा।
यह प्रधानमंत्री मोदी की तीसरी मालदीव यात्रा होगी और इसमें भारत-मालदीव संबंधों को और प्रगाढ़ करने पर जोर रहेगा। रक्षा, समुद्री सुरक्षा, पर्यटन, तकनीकी सहयोग और द्विपक्षीय रणनीति इस यात्रा के मुख्य बिंदु हो सकते हैं।
संसद में पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की मुलाकात, विदेश दौरे से पहले अहम बैठक –
PM modi and home minister amit shah meets in parliament, important meeting before foreign tour