प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार दिवसीय ब्राजील दौरे पर रियो डी जेनेरियो पहुंच गए हैं, जहां वे 6-7 जुलाई को होने वाले 17वें BRICS सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। ब्राजील पहुंचते ही पीएम मोदी का भारतीय समुदाय ने पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत किया। भारत माता की जय के नारों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ स्वागत समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें भारतीय प्रवासियों ने ये देश नहीं मिटने दूंगा जैसे देशभक्ति गीतों और ऑपरेशन सिंदूर आधारित नृत्य के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय से मुलाकात की, बच्चों से संवाद किया और सभी को गले लगाकर आत्मीयता दिखाई। एक स्थानीय ब्राजीलियाई बैंड ने भक्ति संगीत की प्रस्तुति देकर भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान प्रकट किया।
प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे के दौरान न केवल BRICS सम्मेलन में भाग लेंगे, बल्कि ब्राजील का राजकीय दौरा भी करेंगे। ब्रिक्स सम्मेलन में शांति, वैश्विक सुरक्षा, बहुपक्षीय सहयोग, जलवायु परिवर्तन, स्वास्थ्य, आर्थिक और वित्तीय स्थिरता जैसे महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी।
ब्रासीलिया में ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लुला डा सिल्वा के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने, व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, कृषि, स्वास्थ्य, और पीपल-टू-पीपल कनेक्शन जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा।
ब्राजील से पहले पीएम मोदी ने अर्जेंटीना का दौरा किया, जहां उन्होंने राष्ट्रपति जेवियर मिलेई से मुलाकात की। इसके अलावा, अपने इस बहु-देशीय विदेश दौरे की शुरुआत 2 जुलाई को घाना से की थी। वहां से वह त्रिनिदाद एंड टोबैगो, फिर अर्जेंटीना और अब ब्राजील पहुंचे हैं। ब्राजील के बाद प्रधानमंत्री नामीबिया का दौरा करेंगे और वहां की संसद को संबोधित भी करेंगे।
यह दौरा 9 जुलाई तक चलेगा, जिसमें पीएम मोदी की प्राथमिकता वैश्विक कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करना और भारत की विदेश नीति के विजन को धरातल पर उतारना है।
भारत माता के जयकारों के बीच ब्राजील पहुंचे पीएम मोदी, भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत और की मुलाकात –
PM modi arrived in brazil amidst chants of bharat mata ki jai, received a grand welcome from the indian community and met him