झारखंड के देवघर जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से भरी एक बस की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
इस दुखद घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और देवघर के सांसद निशिकांत दुबे सहित कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
पुलिस के अनुसार, यह सड़क हादसा देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास हुआ, जहां कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की बस की आमने-सामने ट्रक से भिड़ंत हो गई।
संथाल परगना क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (IG) एस.के. सिन्हा ने बताया कि इस भीषण टक्कर में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा शोक जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा गया झारखंड के देवघर में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुखद है। इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें यह दुःख सहन करने की शक्ति दें। साथ ही, मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी हादसे पर दुख जताते हुए ट्वीट किया आज सुबह देवघर जिला अंतर्गत मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास बस दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु की अत्यंत दुःखद सूचना प्राप्त हुई। जिला प्रशासन राहत, बचाव कार्य एवं घायलों के इलाज की व्यवस्था में जुटा हुआ है।
देवघर से बीजेपी सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने हादसे को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि इसमें कम से कम 18 कांवड़ियों की जान गई है। उन्होंने एक्स पर लिखा मेरे लोकसभा क्षेत्र देवघर में श्रावण मास में कांवर यात्रा के दौरान बस और ट्रक की टक्कर में 18 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई। बाबा बैद्यनाथ जी उनके परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।
गौरतलब है कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा 10 जुलाई से शुरू हुई है। यह एक वार्षिक धार्मिक यात्रा है, जिसमें श्रद्धालु नदियों से जल भरकर भगवान शिव के मंदिरों में अर्पित करते हैं। यह यात्रा खासकर सावन माह में उत्तर भारत और झारखंड जैसे राज्यों में बड़े धूमधाम से मनाई जाती है।
देवघर सड़क हादसे पर पीएम मोदी ने जताई संवेदना, सीएम सोरेन ने घायलों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया –
PM modi expresses condolences on deoghar road accident, CM soren assures all possible help to the injured