देश के जाने-माने वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद के रूप में मनोनीत किया गया है। इस खबर की पुष्टि खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें फोन पर की। खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री ने उज्ज्वल निकम से उनकी मातृभाषा मराठी में बातचीत की, जो इस भावनात्मक क्षण को और भी खास बना गया।
उज्ज्वल निकम ने बताया कि शनिवार सुबह 8:30 बजे उन्हें पीएम मोदी का कॉल आया। पीएम ने मराठी में कहा, उज्ज्वल जी, राष्ट्रपति महोदया आपको राज्यसभा में भेजना चाहती हैं। क्या आप यह जिम्मेदारी स्वीकार करेंगे? निकम ने कहा कि यह सूचना उनके लिए पूरी तरह अप्रत्याशित थी और उन्होंने विनम्रता से इसे स्वीकार किया।
निकम ने बताया कि पीएम मोदी ने उनसे मराठी में बात करने की अनुमति मांगी और जब उन्होंने हँसते हुए कहा कि आपको दोनों भाषाओं का बराबर ज्ञान है, तो पीएम भी मुस्कराए। निकम ने यह भी बताया कि पीएम ने उनसे इस खबर को सार्वजनिक न करने को कहा था, लेकिन उन्होंने यह खुशखबरी सबसे पहले अपनी पत्नी ज्योति निकम को दी। इस पर उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, प्रधानमंत्री जी, कृपया मुझे माफ करें।
ज्योति निकम ने इस मौके पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा, मुझे बेहद खुशी है कि उज्ज्वल को यह सम्मान मिला। प्रधानमंत्री ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
निकम ने मराठी भाषा के प्रति प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान की सराहना करते हुए कहा कि, सरकार ने मराठी को हमेशा महत्व दिया है। देवेंद्र फडणवीस भी कहते हैं कि मराठी हमारी अस्मिता है और मातृभाषा के रूप में हमें उस पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता को एकजुटता के सूत्र में पिरोना ही हमारी असली ताकत है।
उज्ज्वल निकम भारत के उन चुनिंदा वकीलों में हैं जिन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई बड़े मामलों में अभियोजन पक्ष का नेतृत्व किया है। 1993 मुंबई सीरियल बम धमाकों में वे विशेष लोक अभियोजक थे। उन्होंने पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल कसाब को सजा दिलाने में अहम भूमिका निभाई। निकम 1993 में पहली बार मुंबई आए थे और तब उन्हें कोर्ट तक का भी अनुभव नहीं था। 2013 तक वे मुंबई में ही रहकर कई हाई-प्रोफाइल मामलों में अपनी कानूनी सेवाएं देते रहे।
निकम ने कहा, हमारा देश विभिन्न भाषाओं और धर्मों का संगम है। हमें एकता के साथ रहना चाहिए। भारत का लोकतंत्र विश्व में अनूठा है और कई लोगों को यही पसंद नहीं आता, लेकिन हमें गर्व होना चाहिए कि हमारी विविधता ही हमारी ताकत है।
PM मोदी ने उज्ज्वल निकम को मराठी में दी राज्यसभा सदस्यता की खबर –
PM modi gave the news of rajya sabha membership to ujjwal nikam in marathi