राजकुमार – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 125वें एपिसोड में ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को फिर से मजबूती से उठाया। उन्होंने देशवासियों से आग्रह किया कि वे गर्व से स्वदेशी उत्पादों का इस्तेमाल करें और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एकजुट होकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा, गर्व से कहो, ये स्वदेशी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम की शुरुआत में हाल ही में देशभर में आई बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, मॉनसून की इस ऋतु में प्राकृतिक आपदाएं देश की परीक्षा ले रही हैं। उन्होंने उन परिवारों के प्रति संवेदना जताई जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है।
उन्होंने NDRF, SDRF, सेना, प्रशासन, डॉक्टरों और सभी स्थानीय एजेंसियों की सराहना की, जिन्होंने राहत कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान दिया। उन्होंने कहा, हर वह नागरिक जिसने इस कठिन समय में मानवता को सर्वोपरि रखा, वह प्रशंसा का पात्र है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर में दो महत्वपूर्ण घटनाओं का ज़िक्र किया जो युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। पुलवामा में पहली बार डे-नाइट क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। यह मैच Royal Premier League का हिस्सा था। दुसरा श्रीनगर की डल झील पर देश का पहला ‘Khelo India Water Sports Festival’ आयोजित हुआ, जिसमें भारत के 800 से अधिक एथलीट्स ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देना और जम्मू-कश्मीर में पर्यटन एवं खेलों को प्रोत्साहित करना है।
पीएम मोदी ने एक नई डिजिटल पहल ‘प्रतिभा सेतु’ की जानकारी दी, जो उन यूपीएससी उम्मीदवारों के लिए है जो अंतिम मेरिट सूची में नहीं आ पाए, लेकिन परीक्षा के सभी चरणों को पार कर चुके थे।
इस पोर्टल के ज़रिए अब प्राइवेट कंपनियां इन योग्य उम्मीदवारों को नौकरी का अवसर दे सकती हैं। अब तक सैकड़ों उम्मीदवारों को इससे लाभ मिल चुका है। इस डेटाबैंक में 10,000 से अधिक प्रतिभाशाली युवा शामिल हैं जिन्होंने सिविल सेवा, इंजीनियरिंग सेवा और मेडिकल सेवा की कठिन परीक्षाएं पास की थीं।
कार्यक्रम के अंत में पीएम मोदी ने आने वाले त्योहारी मौसम का ज़िक्र करते हुए नागरिकों से अपील की कि वे स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा उपहार वही जो भारत में बना हो, पहनावा वही जो भारत में बुना हो, सजावट वही जो भारत में बने सामान से हो। एक ही मंत्र Vocal for Local, एक ही रास्ता आत्मनिर्भर भारत, एक ही लक्ष्य विकसित भारत।
मन की बात में पीएम मोदी का संदेश, “गर्व से कहो, यही स्वदेशी है” –
PM modi message in mann Ki baat, “Say with pride, this is swadeshi”