संदीप – रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज़ गेंदबाज़ यश दयाल इन दिनों क्रिकेट से ज़्यादा अपनी निजी ज़िंदगी और कानूनी विवादों को लेकर सुर्खियों में हैं। यौन शोषण के गंभीर आरोपों के चलते अब उनके पेशेवर करियर पर भी असर पड़ता दिख रहा है।
ख़बरों के अनुसार, उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ ने यश दयाल को UP T20 लीग 2025 में खेलने से रोक दिया है। उन्हें इस सीज़न की नीलामी में गोरखपुर लायंस ने 7 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन अब वह टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
गोरखपुर लायंस के मालिक विशेष गौर ने हालांकि यह दावा किया है कि UPCA की ओर से उन्हें इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
27 वर्षीय यश दयाल के खिलाफ पहली FIR 6 जुलाई 2025 को गाजियाबाद के इंदिरापुरम पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई थी। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत दर्ज हुआ, जो कि “छल-कपट कर यौन संबंध बनाने” से संबंधित है।
शिकायतकर्ता युवती का आरोप है कि यश दयाल ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इंकार कर दिया। महिला ने यह भी दावा किया कि दयाल अन्य महिलाओं के साथ भी संबंधों में थे, और वह शादी को लेकर लगातार टालमटोल करते रहे।
यश दयाल ने इस मामले में अदालत में याचिका दाखिल करते हुए कहा कि बीएनएस की धारा 69 के तहत कार्रवाई तभी की जा सकती है जब यह साबित हो कि आरोपी ने शादी का झूठा वादा जानबूझकर किया था और उसे पूरा करने का इरादा नहीं था।
दयाल ने अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने और FIR को रद्द करने की मांग की है। फिलहाल अदालत में इस मामले की सुनवाई चल रही है।
आरसीबी के तेज़ गेंदबाज़ यश दयाल पर यौन शोषण के आरोप, यूपी टी20 लीग में खेलने पर रोक –
RCB fast bowler yash dayal accused of sexual harassment, banned from playing in UP t20 league