राजकुमार – आगामी एशिया कप 2025 से पहले भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं, और सबसे ज्यादा सवाल विकेटकीपर-बल्लेबाज़ संजू सैमसन की जगह को लेकर उठ रहे हैं। टीम में शामिल होने के बावजूद सैमसन को अभी तक वह भरोसा और मौके नहीं मिल पाए हैं जो उन्हें एक स्थायी खिलाड़ी बना सकें।
शुभमन गिल की T20I टीम में वापसी और उन्हें सलामी बल्लेबाज के रूप में प्राथमिकता दिए जाने से सैमसन की स्थिति और कमजोर हुई है। गिल के साथ अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी की संभावना जताई जा रही है, ऐसे में अगर सैमसन टीम में चुने भी जाते हैं, तो उन्हें मध्य क्रम में बल्लेबाजी करनी पड़ सकती है एक ऐसी भूमिका जिसमें उनका रिकॉर्ड उतना प्रभावशाली नहीं रहा है।
हाल ही में केरल क्रिकेट लीग में खेले गए कोच्चि ब्लू टाइगर्स बनाम एलेप्पी रिपल्स मुकाबले में संजू सैमसन छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे संभवतः इसी मध्यक्रम भूमिका के लिए अभ्यास के तौर पर। लेकिन इस मौके को भुनाने में वो नाकाम रहे और 22 गेंदों पर सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गए। इस प्रदर्शन से न केवल टीम मैनेजमेंट, बल्कि उनके प्रशंसकों को भी निराशा हुई।
भले ही यह सिर्फ एक शुरुआत हो, लेकिन एशिया कप 2025 से पहले सैमसन को 6 और मैच खेलने हैं। यदि वह इन मैचों में मध्य क्रम में टिककर खेलने की क्षमता दिखाते हैं, तो टीम मैनेजमेंट के लिए उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर करना आसान नहीं होगा।
भारत के लिए अपने 42 टी20 अंतरराष्ट्रीय (T20I) मैचों के करियर में संजू सैमसन ने 38 पारियों में 25.38 की औसत से कुल 861 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके नाम तीन शतक और दो अर्धशतक दर्ज हैं। पिछले साल से उन्होंने एक सलामी बल्लेबाज़ के रूप में खुद को साबित किया है। खासतौर पर बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज़ में उन्होंने पांच पारियों में तीन शतक जड़कर शानदार फॉर्म का प्रदर्शन किया।
पिछले साल सैमसन भारत के सर्वश्रेष्ठ T20I बल्लेबाजों में से एक रहे। उन्होंने 12 पारियों में 43.60 की औसत और 180.16 के स्ट्राइक रेट से 436 रन बनाए, जिसमें तीन शतक और एक अर्धशतक शामिल था। बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनकी कुछ पारियां काफी यादगार रहीं।
अब टीम में एक तरफ जहां उप-कप्तान शुभमन गिल की दमदार वापसी हो चुकी है, वहीं दूसरी ओर जितेश शर्मा भी बैकअप विकेटकीपर के तौर पर सामने आए हैं। जितेश ने RCB के लिए IPL में शानदार प्रदर्शन किया, जिससे उन्हें अब सीनियर टीम मैनेजमेंट का भी भरोसा मिलने लगा है।
भारत अपने एशिया कप 2025 अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ करेगा। इसके बाद टीम इंडिया 14 सितंबर को दुबई में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबला खेलेगी। भारत अपना आखिरी ग्रुप स्टेज मैच 19 सितंबर को अबू धाबी में ओमान के खिलाफ खेलेगा।
संजू सैमसन की प्लेइंग इलेवन में जगह खतरे में, फॉर्म को लेकर चिंता बरकरार –
Sanju samson place in the playing eleven is in danger, concerns about his form persist