बहिमन पुल के पास हुए एक बड़े हादसे में बहादुरी दिखाते हुए एक ही परिवार के 11 लोगों की जान बचाने वाले बठिंडा पुलिस के पीसीआर स्टाफ को सम्मानित किया गया है। इस टीम में एएसआई राजिंदर सिंह, एएसआई नरिंदर सिंह, सीनियर कांस्टेबल जसवंत सिंह और सीनियर कांस्टेबल हरपाल कौर शामिल हैं। इन सभी को डीजीपी गौरव यादव द्वारा प्रशस्ति पत्र और 25-25 हजार रुपये नकद पुरस्कार से नवाजा गया।
डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर इस घटना की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि बठिंडा की पीसीआर टीम के इन पुलिसकर्मियों ने बहिमन पुल के पास सरहिंद नहर में गिरी कार से 5 बच्चों सहित 11 लोगों को बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी। यह कार्य उनकी निडरता और त्वरित कार्रवाई का परिणाम था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि इन पुलिसकर्मियों की वीरता पंजाब पुलिस की असली भावना को दर्शाती है।
यह हादसा बुधवार सुबह हुआ जब एक ही परिवार के 11 सदस्य (6 बच्चे और 5 बड़े) होंडा अमेज कार में सवार होकर जा रहे थे। अचानक कार का संतुलन बिगड़ने से वह सरहिंद नहर में जा गिरी। उसी समय पीसीआर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी जसवंत सिंह ने बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी और बच्चों व अन्य लोगों को एक-एक कर बाहर निकालना शुरू किया।
खास बात यह है कि जसवंत सिंह को तैरना नहीं आता था, लेकिन उसने बिना कुछ सोचे समझे नहर में कूदकर सभी की जान बचा ली। जसवंत ने बताया कि जब बच्चों की चीखें उसके कानों में पड़ीं तो उसे उनमें अपनी बेटी नजर आई, और उसी क्षण उसने सोच लिया कि उसे किसी भी कीमत पर उन्हें बचाना है।
इस बहादुरी भरे कार्य को और भी खास बनाता है यह तथ्य कि बुधवार को जसवंत सिंह का जन्मदिन था। उन्होंने कहा कि अपने जन्मदिन पर इससे बड़ा कोई काम नहीं हो सकता। उन्होंने इसे न सिर्फ ड्यूटी का हिस्सा, बल्कि समाज सेवा का अवसर भी बताया।
पंजाब पुलिस ने इस पीसीआर टीम की बहादुरी को प्रेरणादायक बताया है और उम्मीद जताई है कि इनका कार्य अन्य पुलिसकर्मियों को भी कर्तव्य से बढ़कर सेवा के लिए प्रेरित करेगा।
11 लोगों की जान बचाने वालेपीसीआर टीम को मिला सम्मान, डीजीपी ने कहा- वीरता की मिसाल है पंजाब पुलिस –
The PCR team that saved the lives of 11 people was honored, DGP said- Punjab police is an example of bravery