उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर दो मासूम बच्चों की निर्मम हत्या कर दी। घटना भोपा थाना क्षेत्र के गांव रुड़कली की है। पुलिस ने इस डबल मर्डर मिस्ट्री का खुलासा करते हुए आरोपी मां मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी जुनैद फरार है।
शुक्रवार दोपहर भोपा थाना पुलिस को गांव रुड़कली में दो बच्चों की संदिग्ध मौत की सूचना मिली। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो पांच वर्षीय अरहान और एक वर्षीय इनाया मृत अवस्था में मिले। बच्चों के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं थे। शुरुआती पूछताछ में मां मुस्कान ने बताया कि उसने बच्चों को सुबह चाय और बिस्किट दिए थे।
शक के आधार पर पुलिस ने बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में दोनों बच्चों की मौत का कारण जहर बताया गया। इसके बाद पुलिस ने जब मां मुस्कान से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पूरे हत्याकांड की साजिश का पर्दाफाश किया।
24 वर्षीय मुस्कान की शादी सात साल पहले रुड़कली निवासी वसीम से हुई थी। बीते दो सालों से वसीम टीबी की बीमारी से ग्रस्त था और इलाज के सिलसिले में चंडीगढ़ में रहता था। इस दौरान मुस्कान की नजदीकियां उसके रिश्तेदार जुनैद से बढ़ने लगीं। दोनों के बीच प्रेम संबंध और फिर शारीरिक संबंध बनने लगे। पति की गैरमौजूदगी में जुनैद अक्सर मुस्कान के घर आता था।
बच्चों को अपने प्रेम में बाधा मानते हुए मुस्कान और जुनैद ने उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची। मुस्कान ने पुलिस को बताया कि जुनैद उसके बच्चों की जिम्मेदारी नहीं उठाना चाहता था। ऐसे में जुनैद ने उसे जहर लाकर दिया और मुस्कान ने 19 जून की सुबह बच्चों को चाय में जहर मिलाकर पिला दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी मां मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं जुनैद फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
अवैध संबंध के लिए बेरहम मां ने अपने मासूम बच्चों को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा –
A ruthless mother killed her innocent children for illicit relationship, police made a sensational revelation