उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश आम महोत्सव 2025 का भव्य उद्घाटन किया। यह महोत्सव अवध शिल्प ग्राम, अवध विहार योजना, सेक्टर-9 में आयोजित हो रहा है, जहां देशभर के बागानों से लाई गई 800 से अधिक किस्मों के आमों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि बागवानों ने जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के बावजूद तकनीक का उपयोग कर शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने ढाई से तीन किलो वजनी आमों का जिक्र करते हुए कहा कि ये किस्में न केवल स्वाद में बेहतरीन हैं, बल्कि वैश्विक बाजार में भी उत्तर प्रदेश की पहचान को सशक्त कर रही हैं।
सीएम योगी ने कहा कि यह महोत्सव किसानों की आमदनी बढ़ाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत व विकसित भारत के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि आम के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ, अमरोहा, सहारनपुर और वाराणसी में चार आधुनिक पैक हाउस स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर किसानों को गुणवत्ता, वैरायटी और निर्यात मानकों की जानकारी दी जाती है।
सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीति से औद्यानिक फसलों का उत्पादन और निर्यात कई गुना बढ़ा है। महोत्सव के दौरान दो देशों के लिए आमों की पहली खेप एयर कार्गो से रवाना की गई। सरकार द्वारा दी गई सब्सिडी ने बागवानों को बेहतर बाजार और मुनाफा दिलाने में मदद की है।
सीएम योगी ने घोषणा की कि 9 जुलाई 2025 को एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 50 करोड़ पौधों का रोपण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 2017 में जहां 5 करोड़ पौधे लगाना चुनौती था, अब यूपी पर्यावरण संरक्षण में भी अग्रणी राज्य बन रहा है।
महोत्सव में सीएम योगी ने लखनऊ की दशहरी, वाराणसी का लंगड़ा, गोरखपुर का गवर्जीत, बस्ती का आम्रपाली, मेरठ व बागपत का रटोल जैसी प्रमुख किस्मों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और किसानों से बातचीत की।
सीएम योगी ने प्रगतिशील किसानों और निर्यातकों को प्रशस्ति पत्र और पौधे देकर सम्मानित किया। उन्होंने फूड प्रोसेसिंग को अपनाने, हल्दी, अदरक जैसी औद्यानिक फसलों की खेती को बढ़ाने और कमिश्नरी स्तर पर भी ऐसे महोत्सव आयोजित करने का सुझाव दिया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और अपर मुख्य सचिव बीएल मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सीएम योगी ने यूपी में आम महोत्सव का किया उद्घाटन, 800 से ज्यादा किस्मों की प्रदर्शनी –
CM yogi inaugurated mango festival in UP, exhibition of more than 800 varieties