राजकुमार – भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज विराट कोहली और रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर बहस एक बार फिर तेज़ हो गई है। खबरों की मानें तो अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीरीज़ इस अनुभवी जोड़ी की आखिरी वनडे सीरीज़ हो सकती है। इस फैसले ने क्रिकेट जगत में खलबली मचा दी है।
हालांकि विराट और रोहित इस समय अच्छे फॉर्म में हैं, लेकिन खबरें हैं कि बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) की चयन समिति उन्हें 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजना में शामिल नहीं करना चाहती। इसके पीछे युवाओं को तैयार करने की रणनीति बताई जा रही है।
पूर्व चयनकर्ता देवांग गांधी ने कहा, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, और साई सुदर्शन जैसे खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। आप उन्हें नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते। अगर कोई खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट में खुद को साबित कर चुका है और उसके पास पावर गेम की क्षमता है, तो उसके लिए वनडे फॉर्मेट आसान हो जाता है। अब वक्त आ गया है कि चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट मिलकर बड़ा फैसला लें।
बीसीसीआई से जुड़े सूत्रों के अनुसार, अगर रोहित शर्मा और विराट कोहली वनडे में खेलना जारी रखना चाहते हैं, तो उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलना होगा। हालाँकि देवांग गांधी का मानना है कि यह व्यावहारिक रूप से मुश्किल है, खासकर तब जब युवा खिलाड़ी पहले से ही प्रदर्शन कर रहे हों।
गांधी ने कहा, अगर हम एक साल बाद ऐसी स्थिति में पहुँचते हैं, जहाँ इनमें से कोई खिलाड़ी फॉर्म में नहीं होता, और हमें नए खिलाड़ी की ज़रूरत पड़ती है, तो उस युवा खिलाड़ी को तैयार करने का पर्याप्त समय नहीं मिलेगा। यह जोखिम नहीं लिया जा सकता।
देवांग गांधी ने विराट और रोहित के योगदान को सलाम करते हुए कहा, इन दोनों दिग्गजों ने भारतीय क्रिकेट को बहुत कुछ दिया है, लेकिन यह भी सच है कि समय किसी का इंतज़ार नहीं करता। अब युवा खिलाड़ियों को वनडे में मौका देने का समय आ गया है।
विराट कोहली और रोहित शर्मा के वनडे टीम से बाहर होने पर चर्चा तेज, पूर्व चयनकर्ता ने बताई वजह –
Discussion intensifies on virat kohli and rohit sharma being out of the ODI team, former selector tells the reason