लॉर्ड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम द्वारा गेंद बदलने के फैसले को लेकर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने कड़ी आलोचना की है। वॉन ने भारतीय गेंदबाज़ों खासतौर पर मोहम्मद सिराज की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि गेंदबाज़ कभी-कभी चीजों को जरूरत से ज्यादा जटिल बना देते हैं।
माइकल वॉन ने कहा, मेरा मानना है कि गेंदबाज कभी-कभी थोड़े नासमझ होते हैं। जब गेंद स्विंग हो रही हो, तो इससे फर्क नहीं पड़ता कि उसका आकार क्या है। भारत ने तीन विकेट ले लिए थे, फिर भी गेंद बदल दी। यह गलत फैसला था।
वॉन ने मोहम्मद सिराज की आलोचना करते हुए कहा कि वह खुद अंपायर के पास जाकर गेंद बदलने की मांग कर रहे थे, सिराज को बाकी खिलाड़ियों से एक घूंसा मिलना चाहिए था और पूछा जाना चाहिए था, तू कर क्या रहा है? उसके बाद जो नई गेंद आई, उसने कुछ नहीं किया। गेंदबाज़ कभी-कभी ज़िंदगी को बहुत मुश्किल बना देते हैं।
हालांकि गेंद बदलने से पहले जसप्रीत बुमराह ने दूसरी नई गेंद से कहर बरपाया और तीन अहम विकेट चटकाए बेन स्टोक्स (44), जो रूट (104) और क्रिस वोक्स (0)। इसके बाद उन्होंने ब्रायडन कार्से और जोफ़्रा आर्चर को भी आउट किया, जिससे वह एक बार फिर लॉर्ड्स ऑनर्स बोर्ड पर अपना नाम दर्ज कराने में सफल रहे।
बुमराह ने मैच के बाद कहा, पिछले दौरे से मैंने यह सीखा कि ढलान को लेकर ज़्यादा सोचना फ़ायदेमंद नहीं होता। इस बार मैंने उसका ध्यान नहीं रखा और इससे मुझे मदद मिली। गर्म परिस्थितियों में नई गेंद का अधिकतम उपयोग जरूरी होता है।
भारत ने जब नई गेंद से विकेट लेना शुरू किया, तब शुभमन गिल ने गेंद के आकार को लेकर शिकायत की थी और गेंद बदली गई। हालांकि इसके बाद इंग्लैंड ने कोई और विकेट नहीं गंवाया, जिससे यह निर्णय विवादास्पद बन गया है।
लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी ने गेंद विवाद पर तीखी प्रतिक्रिया दी –
England legendary player reacted sharply to the ball controversy in the lord’s test