दिल्ली के वजीराबाद इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक सिरफिरे युवक ने एक युवती और उसके परिवार का जीना मुहाल कर दिया है। आरोपी युवक कई बार पिस्टल लेकर रास्ते में युवती को रोककर बदसलूकी कर चुका है। ताजा घटना सोमवार तड़के करीब 2 बजे की है, जब आरोपी ने युवती के घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वजीराबाद थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता के 46 वर्षीय पिता ने बताया कि करीब 3-4 साल पहले शिबू उर्फ अनुराग नामक युवक उनके घर के पास रहता था। पहचान बनने के बाद वह उनकी बेटी से जबरन दोस्ती करने की कोशिश करने लगा। जब बेटी ने उससे दूरी बनानी शुरू की, तो आरोपी ने फोन और मैसेज के जरिए उसे और उसकी मां को धमकाना शुरू कर दिया।
पीड़ित परिवार के अनुसार, 25 मई 2025 को आरोपी ने युवती को ऑफिस से लौटते समय रास्ते में रोक लिया और पिस्टल कनपटी पर लगाकर उसका मोबाइल छीन लिया। इसके दो दिन बाद यानी 27 मई को भी आरोपी ने युवती के साथ हाथापाई की।
सोमवार तड़के आरोपी युवक उनके घर के बाहर पहुंचा और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसके तुरंत बाद उसने पीड़िता की मां को व्हाट्सऐप कॉल कर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी वर्तमान में नोएडा में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। फिलहाल उसकी तलाश जारी है और पुलिस ने उसके ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।
वजीराबाद में सिरफिरे ने युवती के घर पर की फायरिंग, परिवार को दी जान से मारने की धमकी –
In Wazirabad, a lunatic opened fire at a girl house, threatened to kill her family