संदीप – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज लगातार 12वीं बार ऐतिहासिक लाल किले से तिरंगा फहराया और राष्ट्र को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज़ादी का यह महापर्व 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक उत्सव है, जो देश की एकता, गर्व और उपलब्धियों का प्रतीक है।
पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा, भारत का संविधान हमें सदैव मार्गदर्शन देता आया है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद, बाबा साहेब आंबेडकर, पंडित नेहरू, सरदार पटेल, डॉ. राधाकृष्णन सहित अनेक महान हस्तियों का योगदान इसमें शामिल है। हमारी नारी शक्ति ने भी इसमें अहम भूमिका निभाई है जैसे कत्यानी जैसी महिलाओं ने संविधान को सशक्त बनाने में योगदान दिया।
प्रधानमंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान के लिए बलिदान देने वाले पहले महापुरुष डॉ. मुखर्जी थे। अनुच्छेद 370 की समाप्ति और ‘एक देश, एक संविधान’ के लक्ष्य की प्राप्ति उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
हाल ही में देश के विभिन्न हिस्सों में आई प्राकृतिक आपदाओं जैसे भूस्खलन, बादल फटना और बाढ़ पर पीएम मोदी ने गहरी संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटी हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, भारत दशकों से आतंकवाद का शिकार रहा है। अब हमने नया दृष्टिकोण अपनाया है आतंकवाद और उसे समर्थन देने वालों में कोई फर्क नहीं किया जाएगा। जो भी मानवता के दुश्मन हैं, उनके खिलाफ भारत निर्णायक रुख अपनाएगा। अब न्यूक्लियर ब्लैकमेल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
25 जुलाई 2025 को पीएम नरेंद्र मोदी ने देश की सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाली नेता का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977 तक कुल 4,077 दिन पीएम पद पर कार्य किया था। वहीं, पीएम मोदी का कार्यकाल 25 जुलाई को 4,078 दिन का हो गया, जिससे वे भारत के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने वाले दूसरे नेता बन गए पहले नंबर पर हैं पंडित जवाहरलाल नेहरू।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12वीं बार लाल किले से फहराया तिरंगा, कहा – 140 करोड़ देशवासियों का ये आज़ादी का महापर्व है –
Prime minister narendra modi hoisted the tricolor from the red fort for the 12th time, said – this is the great festival of independence for 140 crore countrymen