संदीप – दिल्ली के मानसरोवर पार्क इलाके में घर के अंदर हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस का दावा है कि इस चोरी को अंजाम देने वाले आरोपी साड़ी-सूट बेचने वाले के रूप में घर पहुंचे थे। मामले में पुलिस ने एक आरोपी मोहम्मद सलमान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अब भी फरार है। हालांकि, चोरी की गई जूलरी अब तक बरामद नहीं हो सकी है।
19 अगस्त 2025 को मानसरोवर पार्क पुलिस को इलाके के एक घर में चोरी होने की सूचना मिली। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घर और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, जिससे सामने आया कि दोनों आरोपी स्कूटी पर सवार होकर आए थे।
वह साड़ी और सूट बेचने के बहाने पीड़ित के घर के बाहर रुके। इस दौरान एक आरोपी ने घर का ताला तोड़कर अंदर घुसकर सोने-चांदी के गहनों की चोरी की और फिर दोनों मौके से फरार हो गए।
CCTV की मदद से पुलिस को स्कूटी का नंबर मिला, जो गाजियाबाद, यूपी के पसौंडा निवासी रवीश के नाम पर पंजीकृत थी। जांच में पता चला कि वारदात में शामिल एक आरोपी सुहैल है, जो रवीश का बड़ा भाई है। सुहैल एक हिस्ट्रीशीटर है और वह सुंदर नगरी और पसौंडा में अलग-अलग स्थानों पर रहता है।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर सुंदर नगरी में छापेमारी कर मोहम्मद सलमान को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, मुख्य आरोपी सुहैल अब भी फरार है, और चोरी किए गए गहनों की बरामदगी नहीं हो पाई है।
पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मुखबिरों को एक्टिव कर दिया गया है। साथ ही गहनों की बरामदगी के लिए भी प्रयास जारी हैं। मामले की फॉरेंसिक जांच और मोबाइल सर्विलांस के जरिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दिल्ली के मानसरोवर पार्क में साड़ी-सूट बेचने के बहाने घर में चोरी, एक आरोपी गिरफ्तार –
Theft in a house on the pretext of selling saree-suit in mansarovar park, Delhi, one accused arrested