संदीप – देश के कई हिस्सों में हो रही भारी बारिश और जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। इसका सीधा असर डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे मच्छरजनित रोगों पर पड़ता है, जिनके मामलों में मानसून सीजन में भारी इजाफा देखने को मिलता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश के मौसम में मच्छरों को प्रजनन के लिए आदर्श वातावरण मिलता है, जिससे बीमारियों के संक्रमण की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में जरूरी है कि लोग डेंगू और मलेरिया से बचाव के उपायों को गंभीरता से अपनाएं और समय रहते लक्षणों की पहचान करें।
डेंगू क्या है और इसके लक्षण
डेंगू एक वायरल संक्रमण है, जो संक्रमित एडीज मच्छर के काटने से फैलता है। इसके लक्षण आमतौर पर मच्छर के काटने के 3 से 7 दिन के भीतर सामने आते हैं।
डेंगू के प्रमुख लक्षण:
तेज बुखार (104°F – 105°F तक)
सिरदर्द, खासकर आंखों के पीछे तेज दर्द
मांसपेशियों और जोड़ों में असहनीय दर्द (इसे “हड्डी तोड़ बुखार” भी कहा जाता है)
त्वचा पर रैशेज (2-5 दिन बाद लाल चकत्ते)
उल्टी या मतली
गंभीर मामलों में ये लक्षण भी हो सकते हैं:
मसूड़ों या नाक से खून आना
उल्टी या मल के साथ खून
त्वचा पर नीले रंग के धब्बे
मलेरिया क्या है और इसके लक्षण
मलेरिया एक संक्रामक रोग है जो प्लाज्मोडियम पैरासाइट से होता है और संक्रमित एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है।
मलेरिया के प्रमुख लक्षण:
ठंड लगकर तेज बुखार आना
पसीना आकर बुखार उतर जाना
सिरदर्द और उल्टी
शरीर में कमजोरी और थकान
बुखार आमतौर पर हर 48 या 72 घंटे में दोबारा आता है
डेंगू और मलेरिया से बचाव के उपाय
मच्छरों के प्रजनन को रोकें:
गमलों, पुराने टायरों, कूलरों, खाली बर्तनों आदि में पानी जमा न होने दें
पानी की टंकी, जानवरों के पीने के बर्तन समय-समय पर खाली करके सुखाएं
छत की नालियों की सफाई करें ताकि पानी जमा न हो
मच्छरों के काटने से बचाव करें:
पूरी बाजू के कपड़े पहनें, खासकर हल्के रंग के
मच्छरदानी का उपयोग करें, विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों के लिए
सुबह और शाम के समय विशेष सावधानी रखें, जब मच्छर सबसे अधिक सक्रिय होते हैं
डॉक्टर की सलाह से मच्छर भगाने वाली क्रीम या स्प्रे का इस्तेमाल करें
अन्य घरेलू उपाय:
खिड़कियों और दरवाजों पर मच्छर रोधी जालियां लगवाएं
घर के आसपास कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करवाएं
किसी भी लक्षण के दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें और स्वयं दवा न लें
भारी बारिश के बीच डेंगू और मलेरिया का खतरा, जानें लक्षण और बचाव के उपाय –
There is a risk of dengue and malaria amid heavy rains, know the symptoms and prevention measures