दिल्ली के शाहदरा जिले के सीमापुरी इलाके की दिलशाद कॉलोनी इन दिनों चोरियों की वारदातों से परेशान है। बीते 20 दिनों में कम से कम 10 चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक एक भी चोर पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। चोर खासतौर पर उन्हीं घरों को निशाना बना रहे हैं, जो कुछ घंटों के लिए भी बंद रह जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े घरों में सेंधमारी हो रही है। चोर घर से कैश, सोने-चांदी के गहने, पानी की मोटर, नल और यहां तक कि मोबाइल फोन तक चोरी कर ले जा रहे हैं।
बीजू कूरियन ने बताया कि 11 जुलाई को जब वह सुबह घर बंद करके बाहर गए और दोपहर में बेटा घर लौटा, तो देखा कि गेट खुला पड़ा था। दो गोल्ड चेन, एक जोड़ी टॉप, एक जोड़ी चांदी की पायल, आठ नल, एक मोबाइल फोन चोरी हुआ बीजू ने ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करवाई, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
ललिता पेशे से नर्स हैं और नरेला में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई को सुबह जब वह काम पर गईं और दोपहर 3 बजे लौटीं, तो घर का दरवाजा टूटा हुआ मिला। एक गोल्ड रिंग, एक ईयररिंग, एक लॉकेट, एक मंगलसूत्र, ₹2000 नकद, 2 किलो का पीतल का दिया स्टैंड, 400 ग्राम की पीतल की प्लेट चोरी हुई।
मैथ्यू जी पूने का एफ-ब्लॉक में एक और बंद घर है। 22 जुलाई को पड़ोसियों ने सूचना दी कि घर का लॉक टूटा हुआ है। पानी की मोटर, बाथरूम के नल चोरी हुआ।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कॉलोनी के सिक्योरिटी गार्ड और पुलिस चोरों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रहे हैं। कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कॉलोनी में अधिक संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि चोरों की पहचान की जा सके और वारदातों पर रोक लगाई जा सके।
दिलशाद कॉलोनी में चोरों ने मचाया उत्पात, नकदी से लेकर पानी की मोटर और नल तक सब कुछ चुरा ले गए –
Thieves wreaked havoc in dilshad colony, stole everything from cash to water motor and taps