राजकुमार – आगामी एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। इस बार सबसे बड़ा नाम जो सामने आया है, वह है शुभमन गिल का, जिन्हें टीम इंडिया का उप-कप्तान बनाया गया है। बीसीसीआई द्वारा मंगलवार को घोषित की गई इस टीम में कई चौंकाने वाले फैसले लिए गए हैं, जिनमें श्रेयस अय्यर, वाशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे खिलाड़ियों को टीम से बाहर रखा गया है।
टीम चयन की घोषणा मुंबई में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की गई, जिसमें पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव मौजूद थे। अगरकर ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि गिल को लेकर जो अटकलें चल रही थीं, उन पर अब विराम लग गया है। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में कप्तान के रूप में शानदार प्रदर्शन के बाद गिल को यह ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।
लंबे समय से चोट से जूझ रहे स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह की टीम में वापसी हुई है। हालांकि, श्रेयस अय्यर, वाशिंगटन सुंदर, और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को टीम में शामिल नहीं किया गया।
इस फैसले पर बोलते हुए अगरकर ने स्पष्ट किया कि इस समय केवल 15 खिलाड़ियों को चुनना संभव था, लेकिन जिन खिलाड़ियों को टीम में जगह नहीं मिली, वे चयनकर्ताओं की नजरों से बाहर नहीं हैं।
अगरकर ने कहा, वाशिंगटन सुंदर हमेशा टीम की योजना का हिस्सा हैं। इस बार तीन स्पिनर हमारे पास पहले से हैं, इसलिए चौथे की आवश्यकता नहीं पड़ी। अगर 16 खिलाड़ियों की अनुमति होती, तो सुंदर जरूर टीम में होते।
वहीं रिंकू सिंह को एक्स्ट्रा बैटर के रूप में शामिल किया गया है, जबकि जितेश शर्मा और संजू सैमसन विकेटकीपिंग ऑप्शन के तौर पर चुने गए हैं।
अगरकर ने यह भी संकेत दिया कि आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं की नजर लगभग 20 टी20 मैचों पर है, जो भारत को उससे पहले खेलने हैं।
उन्होंने कहा, हर वर्ल्ड कप के बाद अगली योजना पर काम शुरू हो जाता है। जैसे-जैसे वर्ल्ड कप नज़दीक आता है, आप टीम का दायरा छोटा करते जाते हैं। हमारे पास अच्छे विकल्प हैं, और आने वाले मैचों में प्रदर्शन के आधार पर बदलाव संभव हैं।
एशिया कप 2025: शुभमन गिल उप-कप्तान नियुक्त, बुमराह की वापसी, अय्यर-सुंदर टीम से बाहर –
Asia cup 2025: Shubman gill appointed vice-captain, bumrah returns, Iyer-sundar out of the squad